उद्योगों के माध्यम से अंतरिक्षयान प्रणाली की प्राप्ति को सक्षम बनाने पर सम्मेलन
होम / अभिलेखागार / उद्योगों के माध्यम से अंतरिक्षयान प्रणाली की प्राप्ति को सक्षम बनाने पर सम्मेलन


जून 23, 2016

ए.टी.वी. 02 उड़ान

आज (जून 23, 2016 को) इसरो उपग्रह केंद्र, बेंगलुरु में उद्योगों के माध्यम से अंतरिक्षयान प्रणाली की प्राप्ति को सक्षम बनाने पर सम्मेलन (ईएसएसआरआइ-2016) का आयोजन किया गया। सम्मेलन का आयोजन अंतरिक्ष आधारित सेवाओं के लिए बढ़ती राष्ट्रीय माँग को पूरा करने के लिए पूर्णत: अंतरिक्षयान प्राप्ति हेतु उद्योगों से समर्थन प्राप्त करने हेतु किया गया था।

पिछले कई वर्षों से कई भारतीय उद्योग अंतरिक्षयान की उप-प्रणालियों की प्राप्ति हेतु सक्रिय रूप से भाग लेते आ रहे हैं। इन विक्रेताओं को आऊटसोर्स करने में इसरो ने कई मॉडलों को अपनाया है। तथापि, अंतरिक्षयान की पूर्णत: प्राप्ति अभी साकार नहीं हुई है। इस कमी को दूर करना ही सम्मेलन का उद्देश्य था।

सम्मेलन के उद्घाटन के पश्चात, श्री ए एस किरण कुमार, अध्यक्ष, इसरो/सचिव, अंतरिक्ष विभाग ने प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रतिनिधियों से कहा कि लगभग सभी सरकारी विभाग तथा मंत्रालय अपने शासनादेश को पूरा करने हेतु अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के प्रयोग में अपनी रुचि दिखा रहे हैं। अंतरिक्ष आधारित सेवाओं की बढ़ती माँग को पूरा करने के लिए यह अनिवार्य हो गया था कि इसरो अपनी क्षमता को बढ़ाने के लिए उद्योगों से साझेदारी कर ले। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष बाज़ार में भारत द्वारा व्यापार के एक बड़े भाग पर अपना कब्जा जमाने की क्षमता पर प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में डॉ. एम अन्नादुरई, निदेशक, आईजैक ने प्रत्येक वर्ष कम-से-कम 10-12 उपग्रहों को प्रक्षेपित करने की आवश्यकता के बारे में कहा। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए इसरो तथा उद्योगों के बीच एक सक्रिय सहयोग होना चाहिए क्योंकि ऐसी साझेदारी दोनों पक्षों के लिए लाभदायी होगी। डॉ. अन्नादुरई ने यह भी घोषित किया कि इसरो/आईजैक की वेबसाइट पर पूर्णत: अंतरिक्षयान की प्राप्ति हेतु अभिरुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) को डाला गया है और उद्योगों को इस पर अपनी प्रतिक्रिया देने हुत आमंत्रित किया गया है।

मुख्य अतिथि, श्री अरविंद मेल्लिगेरि, अध्यक्ष एवं सीईओ, एक्वस प्राइवेट लिमिटेड, बेलागवि ने अब तक के इसरो के कार्यों की सराहना की और कहा कि भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम में उद्योगों की बढ़ती भागीदारी इसे और ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

सम्मेलन के दौरान, आईजैक/इसरो के वरिष्ठ अधिकारियों ने हार्डवेयर, प्रौद्योगिकी, गुणवत्ता तथा सुपुर्दगी समयानुसूची के संबंध में इसरो की आवश्यकताओं एवं इसरो में अर्हता प्राप्त विक्रेता बनने के लिए आवश्यक बातों पर प्रकाश डाला।

वांतरिक्ष व्यापार में करीब 110 उद्योगों ने सम्मेलन में भाग लिया। अन्योन्यक्रिया के दौरान, उद्योगों ने अपनी क्षमता को उजागर किया और छोर-से-छोर के आधार पर उपग्रहों की प्राप्ति के लिए इसरो के साथ साझेदारी में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आगे, उन्होंने वैश्विक अंतरिक्ष बाज़ार में पदार्पण हेतु अपनी तत्परता भी व्यक्त की।